कठुआ। शहर के सबसे व्यस्त मुखर्जी चौक में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बनी बहुमंजिली पार्किंग उद्घाटन के डेढ़ महीने बाद भी संचालन में नहीं आ सकी है। नगर परिषद इस इमारत को आउटसोर्स करने के लिए तीन बार निविदा आमंत्रित कर चुकी है, लेकिन कोई बोलीदाता न मिलने के कारण नवनिर्मित पार्किंग का सदुपयोग नहीं हो सका।
शहर में आने वाले ग्राहकों को पार्किंग सुविधा नहीं मिल पाती। इस कारण ग्राहकों के साथ ही दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात जाम होने से वाहन चालक और राहगीर भी परेशान रहते हैं।
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए बहुमंजिली पार्किंग बनाई गई। इस दोमंजिला पार्किंग में 110 से ज्यादा कारें खड़ी करने की व्यवस्था की गई है। इसमें स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद खुद इसके संचालन के लिए सक्षम नहीं है, क्योंकि परिषद के पास दीर्घकालिक योजना के तहत इसके संचालन के लिए श्रमशक्ति समेत अन्य संसाधनों का भी अभाव है।
ऐसे में नगर परिषद इसे आउटसोर्स करना चाहती है। इसके लिए तीन बार निविदा निकाल चुकी है। पहले इसके लिए न्यूनतम बोली 60 लाख रुपये और तीन साल का समय रखा गया था। इस कारण इच्छुक संचालक सामने नहीं आए। इस कारण दो बार निविदा निरस्त कर दी गई।
अब तीसरी निविदा प्रक्रिया में समान राशि के साथ समय सीमा तीन से बढ़ाकर पांच साल कर दी गई है। यह निविदा पांच जून को खुलेगी और अब उम्मीद जताई जा रही है कि नवनिर्मित पार्किंग की निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इसके संचालन से शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है लेकिन तीसरी बार भी निविदा प्रक्रिया पूरी न होने पर लोगों को इसके लिए और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने 19 अप्रैल को किया था उद्घाटन
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री जतिंद्र सिंह ने 19 अप्रैल को इसका लोकार्पण किया था। उद्घाटन के बाद से ही उम्मीद जताई जा रही थी कि लोगों को जल्द कार पार्किंग की सुविधा मिल पाएगी लेकिन इसके लिए लोगों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इस कारण शहर की यातायात समस्या नहीं सुलझ सकी है।
नगर परिषद पार्किंग का संचालन जल्द करने के लिए प्रयासरत है। इसकी नई इमारत को आउटसोर्स करने के लिए पिछले एक महीने से तीन बार निविदा लगा चुकी है। दो बार कोई बोलीदाता सामने न आने से तीसरी बार इमारत को आउटसोर्स करने की समय सीमा बढ़ाई गई है, जबकि राशि पहले की तरह 60 लाख रुपये ही है। उम्मीद है कि तीसरे प्रयास में पांच जून को इसकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। -अमित शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, कठुआ।
कठुआ शहर के व्यस्त मुखर्जी चौक पर बनी पार्किंग।