कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के सहार खड्ड स्थित पुल के नीचे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुएं से हाईवे पर दृश्यता पूरी तरह समाप्त हो गई। वाहनों के बीच टकराव की आशंका से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया तक जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
सोमवार शाम को हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान हाईवे पर फैले काले धुंए के गुबार के कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों को अपनी गति को कम करने के लिए मजबूर किया। वहीं आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और अफरातफरी का माहौल रहा।
स्थानीय युवा अक्षय सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद दृश्यता इतनी कम हो गई थी कि हाईवे पर चल रहे वाहनों के आपस में टकराने का खतरा बढ़ गया था। पूरा मार्ग घने काले धुएं में डूब गया था। उन्हाेंने आग के लिए पुल के आसपास फेंके जाने वाले कचरे को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कई बार नगर परिषद के कर्मचारी भारी गाड़ियों से कचरा पलट देते हैं, जिससे आग लगने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर रोकथाम नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।