रामकोट। सरकारी हाई स्कूल लोअर रजवालता के नजदीक सोमवार सुबह संदिग्ध गुब्बारा मिलने से सनसनी फैल गई। गुब्बारे की जानकारी तब मिली जब अध्यापक की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जहाजनुमा खिलौने जैसे गुब्बारे पर पीआईए लिखा था। इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी रणवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
खेत से मिला मोर्टार निष्क्रिय किया
कठुआ। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे करोल माथुरां गांव के खेत से मोर्टार मिला है जिसे सेना ने निष्क्रिय कर दिया। सोमवार दोपहर को किसान द्वारा मोर्टार देखने की सूचना दी गई जिसके बाद बीएसएफ के साथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बम को कब्जे में लिया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक दस्ते ने बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
आईबी से लेकर पहाड़ों तक चलाया तलाशी अभियान
कठुआ। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से लेकर जिले के पहाड़ी इलाकों में आतंक विरोधी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबलों के साथ पुलिस के एसओजी दस्ते ने सदरोता से कलैड, पनीता के जंगलों और आसपास के इलाकाें को खंगाला। मल्हार में सुरक्षाबल लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं। कुछ दिन पहले ही धनु परोल से सटे नजोत में सुरक्षाबलों ने आतंकी को ढेर किया था। उधर, पुलिस पोस्ट शेरपुर की टीम और बीएसएफ ने शेरपुर पाईं गुज्जर बस्ती में चप्पा-चप्पा खंगाला। इसके साथ ही लोगों से पूछताछ की जा रही है।