पहाड़ी पर मोबाइल सिग्नल ढूंढने का प्रयास करता युवक। स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : kathua
ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित, रात के समय घटना होने पर पुलिस तक नहीं पहुंचा पा रहे सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। उपमंडल की बग्गन लोअर पंचायत के ज्यादातर गांवों में मोबाइल सिग्नल की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
लोगों ने सरकार से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। रात के समय किसी प्रकार की घटना होने पर पुलिस थाने में सूचना तक नहीं दे पाते हैं। मोबाइल सिग्नल ढूंढने के लिए घर से आधा किलोमीटर दूर पहाड़ी पर जाकर सिग्नल उपलब्ध होता है। स्थानीय निवासी बब्बू शर्मा, दर्शन कुमार, अरुण शर्मा, सुरेंद्र कुमार और सोनू शर्मा ने कहा कि पंचायत के थमनाल, रोडला, बाडोल और आसपास से सटे गांवों में मोबाइल सिग्नल कमजोर होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि उन्होंने कई बार सरकारी और निजी कंपनियों से मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की, लेकिन पूरी नहीं हो पाई।
उन्होंने सिग्नल की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि पंचायत की 5000 से अधिक आबादी को सही तरीके से मोबाइल सिग्नल उपलब्ध हो सके।
समस्या संज्ञान में आई है। टावर स्थापित करने के लिए निजी कंपनियों को लिखित रूप में भेजा जाएगा, ताकि मोबाइल सिग्नल की समस्या का समाधान हो सके।
- सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार बिलावर