कठुआ। जिला पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए 23 हजार रुपये की राशि शिकायतकर्ता को वापस दिलाई है। जिला साइबर सेल को रोहित शर्मा ने ऑनलाइन शिकायत भेजी थी।
रोहित शर्मा निवासी हीरानगर ने शिकायत में बताया कि अज्ञात धोखेबाज ने खुद को स्टॉक मार्केट का ब्रोकर बताकर उसे शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए राशि ट्रांसफर करने के लिए प्रेरित किया। जिसके बाद उसने उक्त राशि आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी। जब शिकायतकर्ता को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उसने इसकी सूचना साइबर सेल दी। साइबर सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक के अधिकारियों से बातचीत कर ट्रांसफर हुई राशि को फ्रीज करवा दिया। सोमवार को ठगी की रकम बरामद कर दोबारा पीड़ित के खाते में डाल दी गई। पुलिस ने बताया है कि साइबर सेल की स्थापना से अब तक 35 लाख पांच हजार 895 रुपये की ठगी की राशि बरामद की जा चुकी है।