जसरोटा महाकाली मंदिर में आरती में शामिल श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : kathua
जसरोटा काली माता मंदिर, नगरी बाला सुंदरी मंदिरों में रही खासी भीड़
कठुआ। जिले भर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। नवरात्र का तीसरा दिन मंगलवार होने के चलते आम दिनों के मुकाबले अधिक संख्या में मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। मंदिर कमेटियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी उचित इंतजाम किए हुए हैं।
जसरोटा काली माता मंदिर, नगरी बाला सुंदरी और माता आशापूर्णी मंदिरों में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। दर्शन के लिए भक्त कतारों में लगे रहे। पर्व पर सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे जसरोटा के कालीमाता मंदिर में देखने को मिल रही है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के कारण सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है। मंगलवार को भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में रही है। इस कारण दर्शन के लिए सुबह से लगने वाले श्रद्धालुओं की कतार बाद दोपहर तक जारी रही।
वहीं, पड़ोसी राज्य पंजाब की सीमा से सटे नगरी स्थित माता बाला सुंदरी के दरबार में भी अच्छी संख्या में भक्तों ने अपनी हाजिरी लगाई। यहां श्रद्धालुओं ने माता के समक्ष माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा हीरानगर के पेइयां स्थित मां भगवती मंदिर, जांडी किला परिसर स्थित मां काली के मंदिर, सहार स्थित चंद्रिका माता मंदिर, कठुआ स्थित आशापूर्णी माता मंदिर, लखनपुर स्थित किले वाली माता के मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लग रहा है।