बिलावर। नगर कमेटी बिलावर के कार्यकारी अधिकारी मंजूर हुसैन पर स्थानीय लोगों ने कार्यालय में न बैठने के आरोप लगाए हैं। नगर कमेटी बिलावर वार्ड 4 के निवासी कुलदीप कुमार, वार्ड 6 के निवासी रमेश चंद्र, वार्ड 9 के निवासी अशोक कुमार और वार्ड एक के निवासी प्रवीण ने बताया कि पांच महीने पूर्व कार्यकारी अधिकारी बिलावर को नगर कमेटी बिलावर में तैनात किया गया था। तब से कार्यकारी अधिकारी दफ्तर में बहुत कम हाजिर रहते हैं।
इससे लोगों के कमेटी कार्यालय संबंधित कामकाज नहीं हो पा रहे हैं। कई दस्तावेजों पर कार्यकारी अधिकारी के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। अधिकारी के कार्यालय में न आने से लोगों के कई प्रकार के काम लंबित होते जा रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिन पूर्व कार्यकारी अधिकारी दफ्तर में आए थे जिसके बाद आज तक वह कार्यालय नहीं पहुंचे हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द कार्यकारी अधिकारी को दफ्तर में हाजिर होने के निर्देश दिए जाएं या फिर किसी अन्य अधिकारी को कार्यकारी अधिकारी का कार्यभार सौंपा जाए।