जिला प्रशासन कठुआ के फ्लैगशिप कार्यक्रम प्रयास में बुधवार को 16 लोगों ने अपनी समस्याओं को जिला उपायुक्त के सामने रखा। बसोहली, बिलावर, बनी, हीरानगर, रामकोट और कठुआ के विभिन्न कॉलरों की समस्याएं सुनते हुए जिला उपायुक्त रमेश कुमार ने सप्ताह के भीतर समाधान का भरोसा दिलाया।
‘प्रयास’ में बसंतपुर से एक कॉलर ने जिला उपायुक्त को बताया कि महानपुर से लखनपुर के बीच लगभग 35 किलोमीटर का फासला है। लगभग छह पंचायतों और कई गांवों के बच्चों के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिला उपायुक्त ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से इस संबंध में जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा, ताकि लोगों की समस्या का समाधान किया जा सके।
सुबह दस बजे शुरू हुए प्रयास कार्यक्रम में जिला उपायुक्त और अन्य जिला अधिकारियों ने एक कर्मचारी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। मृत व्यक्ति की पारिवारिक परिस्थितियों और ग्यारह मार्च को बेटी की शादी में अधिकारियों ने यथाशक्ति आर्थिक सहायता का भी भरोसा दिलाया। इसके बाद एक-एक कर जिला के अलग-अलग कोनों से ‘प्रयास’ के लैंडलाइन नंबर पर समस्याएं दर्ज करवाने का सिलसिला शुरू हो गया।
रामकोट के वार्ड नौ से कॉलर ने भूमि कटाव से हो रहे नुकसान की समस्या बताई। दन्नी से कॉलर ने बिजली समस्या की ओर जिला उपायुक्त का ध्यान दिलाया। भीनी नाले में क्रशर मालिक द्वारा अवैध निर्माण पर बिलावर से कॉलर ने शिकायत दर्ज की।
बिलावर के सुकराला और बख्तपुर से लोेगों ने पेयजल समस्या बताई। जिला उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश जारी किए। प्रयास के दौरान सीपीओ रामरतन शर्मा, आरटीओ अमरजीत सिंह, आईएएस प्रोबेशनर राहुल यादव भी मौजूद रहे।