बिजली के लिए प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
पंद्रह दिन से बिजली संकट से परेशान गांव मुट्ठी जागीर के लोगों का गुस्सा शनिवार को बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कठुआ सब डिवीजन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर विभागीय कार्यप्रणाली को कोसा।
उन्होंने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद विभागीय कर्मचारी ट्रांसफार्मर ठीक करने नहीं आए। इसके कारण शुक्रवार को वह काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र रुख अपनाया जाएगा।
ओमकार शर्मा, संजीव वर्मा, मिंटू शर्मा, कृष्ण गोपाल ने कहा कि पंद्रह दिनों से लो वोल्टेज की समस्या थी। स्थानीय लाइनमैन से ट्रांसफार्मर देखने और बिजली लाइन की जांच करने के लिए कहा गया। इसके बावजूद एक बार भी कोई नहीं पहुंचा। विभागीय कर्मचारी से भी बात की गई तो वहां से भी नकारात्मक जवाब मिला।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव में 600 घर हैं। इतने के लिए सारा लोड 250 केवी के ट्रांसफार्मर पर ही डाला गया है।बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है।
जब शनिवार को विभागीय अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने पांच दिन तक यह समस्या बने रहने की बात कही। लोगों ने कहा कि इस बारे में पहले ही विभाग को बता दिया था। इसके बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।