कठुआ। जिले के बनी उपपमंडल के बरमोता में नेशनल हाइड्रोइलेक्टि्रक पावर कार्पोरेशन (एनएचपीसी) की ओर से स्कूल का भवन तैयार किया गया है। 19 लाख रुपये की लागत से बने राजकीय माध्यमिक विद्यालय बरमोता के इन तीन कमरों को विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने छात्रों को समर्पित किया।
विद्युत परियोजना प्रमुख मदन लाल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से माध्यमिक विद्यालय के लिए कमरों की कमी की बात रखी गई थी। शिक्षा के क्षेत्र में दूरदराज इलाकों के बच्चे पीछे न रहें और सुरक्षित भवन में बैठकर पढ़ाई कर पाए, इसके लिए स्कूल भवन बनाया गया है। कहा कि एनएचपीसी केवल बिजली उत्पादन से देश की प्रगति में ही भागीदारी नहीं दे रही बल्कि अपना सामाजिक दायित्व भी निभा रही है। इसी कड़ी में सीएचसी बनी के लिए ओपीडी भवन का निर्माण भी शामिल है।
उधर, विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने एनएचपीसी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बनी सब डिवीजन में कई स्कूल ऐसे हैं जहां बुनियादी ढांचे को बेहतर करने की जरूरत है। इसके अलावा शिक्षकों की भी कमी है। इसके लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर जिला विकास परिषद सदस्य बनी रीता ठाकुर, एसडीएम बनी और तहसीलदार भी मौजूद रहे।