गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (जीडीसी) मढ़ीन में स्टूडेंट्स वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को कॉलेज छात्र इकाई की चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई। पहले कक्षा प्रतिनिधियों का चुनाव हुआ। इसके बाद चुने गए कक्षा प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से नेहा चिब को कॉलेज का अध्यक्ष चुना।
कॉलेज छात्र इकाई की चुनाव प्रक्रिया कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अनुपमा गुप्ता की देखरेख में किया गया। कॉलेज ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सुचारू रूप से चुनाव आयोजित किए। इसमें कक्षा प्रतिनिधियों (सीआर) और अध्यक्ष का चयन किया गया। चुनाव के दौरान छात्र-छात्राओं ने कक्षा प्रतिनिधि चुना। इसमें पांचवें सेमेस्टर की नेहा चिब, तीसरे सेमेस्टर की शीतल देवी और पहले सेमेस्टर के चिराग सरखंडिया कक्षा प्रतिनिधि चुने गए। इसके बाद सभी निर्वाचित कक्षा प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से नेहा चिब को कॉलेज का अध्यक्ष चुना।
प्रिंसिपल डॉ. अनुपमा गुप्ता ने सभी निर्वाचित कक्षा प्रतिनिधियों और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में हर वर्ष स्टूडेंट्स इकाई के लिए चुनाव आयोजित किए जाते हैं, ताकि अनुशासन बनाए रखने और छात्रों से संबंधित मुद्दों का मैत्रीपूर्ण समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी निर्वाचित छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में कॉलेज के संकाय सदस्य डॉ. अरुण देव सिंह, डॉ. बलविंदर सिंह, प्रो. अनूप शर्मा, डॉ. मुनीषा देवी, डॉ. शालू रानी और प्रो. मनु सैनी का योगदान अहम रहा।