हीरानगर। नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) की 13वीं बटालियन टीपीएल सांबा की ओर से कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत मढ़ीन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तहसील कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आपदा में अपने और दूसरों के बचाव के उपाय बताए।
एनडीआरएफ की टीम ने लोगों को बताया कि भूकंप आने पर कैसे अपनी रक्षा और कैसे दूसरों की मदद करनी चाहिए। टीम ने बाढ़ और आगजनी की सूरत में अपनी और दूसरों की जान बचाने के तरीके भी बताए। आपदा में जख्मी हुए लोगों को प्राथमिक उपचार देने की भी जानकारी दी गई। हार्ट अटैक पर सीपीआर देने का तरीका भी बताया। सहायक कमांडेंट परवीन सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आपदा में बचाव के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि बचाव के बारे में जितने अधिक लोगों को पता होगा, आपदा से उतनी ही जल्दी निपटा जा सकता है। कार्यक्रम में आए पंचायत प्रतिनिधियों ने एनडीआरएफ के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।