हीरानगर। विद्युत विभाग नवरात्र में भी अघोषित बिजली कटौती करने में कोई परहेज नहीं कर रहा है। खास तौर पर रात के समय कटौती के कारण रामलीला का मंचन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष है।
रामलीला क्लब हीरानगर के सदस्य एवं निकाय समिति के सदस्य संजय शर्मा ने कहा कि पहले कभी भी नवरात्र के अवसर पर इस तरह से बिजली कटौती नहीं हुई। लेकिन, अब विद्युत विभाग नियमित बिजली कटौती के अलावा अघोषित बिजली कटौती भी कर रहा है। कोरोना काल के चलते पिछले साल रामलीला का मंचन नहीं हो पाया। इस बार लोग काफी उत्साहित थे और भारी संख्या में रामलीला देखने आ रहे हैं। लेकिन, बिजली कटौती के कारण लोगों को भी परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की है कि प्रशासन विद्युत विभाग को नवरात्रों में लगातार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दे। पवन कुमार ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी रामलीला का मंचन हो रहा है। लेकिन, बिजली कटौती की वजह से मंचन या तो रोकना पड़ता है, या फिर अंधेरे में ही करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्र में विद्युत विभाग इतना लापरवाह क्यों हो गया? प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए।