फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: नेशनल हाईवे की सुस्त चाल, ट्रैफिक बदहाल

Wed, 06 Dec 2023 12:37 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
विज्ञापन
- लखनपुर से कूटा तक 12 जगह डायवर्जन, हाईवे अथॉरिटी का कहना-लोग और प्रशासन नहीं कर रहे सहयोग
विज्ञापन

- चढ़वाल में 7 महीने तो कालीबड़ी में 8 महीने से बंद पड़ा है फ्लाईओवर का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर से कूटा तक चल रहे निर्माण कार्य की सुस्त चाल लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। जिला कठुआ के तहत लखनपुर से कूटा तक लगभग 43.6 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग के धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। एक तरफ ट्रैफिक बदहाल है वहीं रोजाना हो रहे हादसे, उड़ती धूल-मिट्टी और डायवर्शन लोगों के जी का जंजाल बन चुके हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिकतर स्थानों पर कंपनियां काम कर रही हैं। मगर, कुछ प्वाइंट ऐसे हैं, जहां निर्माण कार्य पिछले लंबे समय से बंद पड़ा है। ऐसे में लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। कुछ स्थान ऐसे हैं, जहां लोगों की राय जाने बिना काम शुरु करवाया और विरोध के बाद बंद कर दिया गया। इस लचर योजना के कारण कालीबड़ी, राजबाग और चढ़वाल के स्थानीय दुकानदार और लोग संताप झेल रहे हैं। वहीं, इससे हादसों में भी बढ़ोतरी हो चुकी है।
विज्ञापन

43.6 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर 12 जगह डायवर्शन
बता दें पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर चल रहे विस्तारीकरण और फोरलेन निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को एक ही तरफ से निकाला जा रहा है। लगभग 43.6 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर 12 जगह ट्रैफिक को सर्विस लेन या एक तरफ के रोड पर डायवर्ट किया गया है। यहां वाहन रेंगते नजर आते हैं। इनमें सबसे पहले हटली मोड़, कालीबड़ी, लोगेट मोड़, बरनोटी, घाटी, राजबाग, हमीरपुर, छन्न आरोड़ियां, चढ़वाल, दयाला चक्क, छप्पड़ मोड़ और कूटा में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। यहां वाहनों को ट्रैफिक जाम का सामना भी करना पड़ता है। सबसे भयंकर ट्रैफिक जाम चढ़वाल, ओल्ड सांबा-कठुआ रोड पर देखने को मिलता है। ऐसे ही हालात कूटा से लेकर लखनपुर तक कई स्थानों पर बने रहते हैं। इससे स्थानीय दुकानदार, लोग और बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालु और पर्यटक परेशान हैं।
कालीबड़ी में 8 महीने से बंद फ्लाइओवर का काम
जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे स्थित कठुआ के कालीबड़ी में फ्लाईओवर का निर्माण 6 महीने से बंद पड़ा है। मगर, वाहनों को सर्विस लेन से ही गुजारा जा रहा है। इससे एक तरफ जहां लोगों को ट्रैफिक जाम के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, हादसों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बता दें, कालीबड़ी में वॉल माउंटेड फ्लाईओवर प्रस्तावित था। मगर, कंपनी ने फ्लाइओवर के पिलर के लिए सड़क खोद दी और पिलर का बेस बनाना शुरू कर दिया। मगर, व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण कर रही कंपनी ने काम बंद कर दिया और एक पिलर तक तैयार नहीं हो पाया। अब 6 महीने से काम बंद पड़ा है। मगर, ट्रैफिक को अभी भी सर्विस लेन से ही गुजारा जा रहा है। भारी ट्रैफिक और संकरा रास्ता लोगों के जी का जंजाल बना है।
7 महीने से चढ़वाल फ्लाइओवर का एक पिलर भी नहीं बन पाया
सुस्त चाल से चल रहे राष्ट्रीय राज्यमार्ग के निर्माण कार्य का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चढ़वाल में फ्लाईओवर बनाने का काम 7 महीने पहले शुरू हुआ था। मगर, अभी तक एक पिलर भी तैयार नहीं हो पाया है। इस कारण लंबा जाम लग रहा है और धूल मिट्टी से लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है। कुछ जगहों पर निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग की गई है। इसकी वजह से हाईवे की ट्रैफिक सर्विस लेन से चलाई जा रही है। मगर सर्विस लेन की हालत भी बदतर होने के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। मुख्य चौक में जाम के कारण व्यापार भी घटता जा रहा है।
उड़ती धूल मिट्टी से दुकानदार परेशान
कोरोना का प्रकोप घटने के बाद लोगों को मास्क से छुटकारा मिला था। मगर अब इस निर्माण कार्य के चलते यहां के दुकानदारों को दिन भर मास्क पहनना पड़ रहा है। जो लोग बिना मास्क के यहां से गुजरते हैं उन्हें गले की बीमारियां चपेट में ले रही हैं। निर्माण कार्य के कारण बिखरी मिट्टी वाहनों के गुजरने से उड़ती है। यह दुकानदारों और राहगीरों को रोगी बना रही है। इसके लिए तय नियमों के मुताबिक निर्माण स्थल के पास पानी का छिड़काव करवाया जाना चाहिए। लेकिन, ऐसा कभी कभार ही देखने को मिलता है।

फ्लाईओवर बनाने का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसकी वजह से दिन भर धूल उड़ती रहती है। कंस्ट्रक्शन साइट पर पानी का छिड़काव दिन में एक बार और वो भी कभी-कभार किया जाता है। दिनभर मास्क पहनना पड़ता है। अगर न पहनें तो शाम को गला खराब हो जाता है।
दीपक शर्मा, दुकानदार निवासी चढ़वाल
फ्लाईओवर बनाने का काम करीब 7 महीने पहले शुरू हुआ था। तब से ही बाजार में जाम की समस्या शुरू हो गई थी। समस्या बढ़ती जा रही है। लेकिन काम पूरा होने का नाम नहीं ले रहा। इस कारण लोगों के स्वास्थ्य को तो हानि हो ही रही है, साथ ही व्यापार भी बेहद घट गया है। ज्यादातर लोग धूल मिट्टी और जाम से बचने के लिए अब यहां इस बाजार में आने से परहेज करते हैं।
कमल किशोर, निवासी चढ़वाल

निर्माण में अथॉरिटी के अधिकारियों द्वारा कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। चाहे वह लोगों की सुविधा हो या फिर विकास। लोगों के विरोध के बाद कालीबाड़ी में बंद हुआ विकास कार्य लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। लिहाजा निर्माण के इस काम में रोड़ा बनने वाले अथॉरिटी के अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
अनिल, वरिष्ठ अधिकारी कालीबड़ी व्यापार मंडल
निर्माण कार्य अगर जनता के पैसे से होता है तो उसमें जनता की मर्जी भी शामिल होनी चाहिए थी। कालीबाड़ी में होने वाला किसी भी तरह का निर्माण यहां के लोगों की रजामंदी के बाद ही तय किया जाना चाहिए था। इसके बाद उसे ब्लूप्रिंट के आधार पर निर्माण किया जाना चाहिए था। मगर, ऐसा ना करके हाईवे अथॉरिटी ने मर्जी से निर्माण शुरू किया और जब लोगों ने उसका विरोध किया तो उसे बंद करके छोड़ गए। यह एक लापरवाही के सिवा कुछ नहीं है।
विज्ञापन

दर्शन कुमार, निवासी कालीबड़ी
चढ़वाल, कालीबड़ी और राजबाग में लोग ही काम नहीं करने दे रहे। काम शुरू होते ही प्रोटेस्ट करने लगते हैं। ऊपर से जिला प्रशासन का कोई सहयोग नहीं मिल पा रहा। इसके चलते काम नहीं हो पा रहा। प्रशासन साथ दे और लोग सहयोग करें तो समय पर काम मुकम्मल हो सकता है।

- यशपाल सिंह जादौन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें