बनी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सरकारी हाईस्कूल सित्ती में वीरवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे विद्यार्थियों को नशे के प्रभाव से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक नुकसान से सचेत किया गया।
एसडीएम संदीप कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्हें भविष्य में सफलता प्राप्त करने और जीवन के ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद एसडीएम ने स्कूल के विस्तार से संबंधित आवश्यकताओं का भी जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के बाद एसडीएम ने पंचायत के सामुदायिक भवन में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने लोगों को उनकी शिकायतों के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया। उन्होंने ग्राम सभा में भाग लिया, जिसमें स्थानीय निवासी, पूर्व सरपंच और डीडीसी सदस्य भी मौजूद रहे।