नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश शर्मा और उपाध्यक्ष रेखा कुमारी की कुर्सी के भविष्य का फैसला सोमवार को होना तय हो गया है। शुक्रवार को नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप अबरोल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले पार्षदों ने फ्लोर टेस्ट करवाए जाने के संबंध में डीसी को लिखा था। नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश शर्मा द्वारा तय समयावधि में बैठक न बुलाए जाने पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।
सोमवार को नगर परिषद कठुआ कार्यालय में दोपहर बारह बजे विशेष बैठक बुलाई है। इसमें 21 पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद का फैसला करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के नगर परिषद कठुआ में दस पार्षद हैं। जिनमें से पांच अविश्वास प्रस्ताव लाने वालों में शामिल हैं। 12 जुलाई को नगर परिषद के 12 पार्षदों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से बागी पार्षदों पर लगातार अविश्वास प्रस्ताव से नाम वापस लेने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। पहले जहां उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, वहीं तीन पदाधिकारियों को भाजपा ने पदों से मुक्त करते हुए कड़ा संदेश देने का प्रयास किया था। लेकिन बागी पार्षद भाजपा के प्रति अपनी निष्ठा बताते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर अड़े रहे हैं। शुक्रवार को जारी हुई अधिसूचना के साथ ही प्रशासन ने तहसीलदार कठुआ को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है। वहीं सोमवार को पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।