कठुआ। जिले में जारी दो दिवसीय कार्यक्रम मेरा शहर मेरी शान का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन विजिटिंग अफसर के रूप में आए आयुक्त सचिव तलत परवेज रोहेला ने सबसे पहले नगर परिषद के प्रधान व पार्षदों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान के लिए नगर परिषद के पार्षदों से उनके सुझाव मांगे।
बैठक के दौरान पार्षद संजीव वैद्य ने कहा कि पिछले एक माह से जलशक्ति विभाग में काम करने वाले अस्थाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जिसके कारण शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे मसलों पर नगर परिषद कुछ नहीं कर सकती है। इसके लिए प्रदेश प्रशासन और सरकार को ही कदम उठाने होंगे। वहीं, शहर के ड्रीमलैंड पार्क से कैप्टन सुनील चौधरी चौक तक सड़क पर नाले की कोई व्यवस्था नहीं है। जिनका समाधान किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारी दायरों के कारण इस तरह के मामले नगर परिषद के अंतर्गत नहीं आते। ऐसे में इन मामलों का समाधान किस प्रकार होगा।
कार्यक्रम में आयुक्त सचिव ने नगर परिषद के अधीन आने वाले 10 विभागों के अधिकारियों से उनके द्वारा शहर की समस्याओं को खत्म करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जो भी समस्याएं उनके समक्ष रखी गई हैं। उनमें से कुछ समस्याएं ऐसी हैं जिनका समाधान नगर परिषद और संबंधित विभागों को खुद तलाशना होगा। उसके लिए उन्हें आपसी समन्वय बनाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही कुछ ऐसी योजनाएं हैं जो अभी तक क्रियान्वित नहीं हो पाई हैं और वह योजनाएं नगर परिषद द्वारा पूरी भी नहीं की जा सकती हैं। लिहाजा इनके लिए सरकार को सूचित किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शहर की सीवरेज व्यवस्था, पेयजल समस्या और कचरा निस्तारण के लिए बनने वाले ठोस कचरा निस्तारण प्लांट को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा अब शहर में आने वाली समस्याओं के बारे में वह लगातार नगर परिषद व संबंधित विभागों के संपर्क में रहेंगे। ताकि समय-समय पर शहर के विकास के लिए काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के सदस्यों और संबंधित विभागों का उन्मुखीकरण किया गया है, ताकि वह अपनी समस्याओं का समाधान खुद करने के लिए तैयार रहें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने शहर में 45 करोड़ की लागत से बनने वाले शॉपिंग कंपलेक्स की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस योजना के पहले चरण के लिए साढ़े चार करोड़ रुपये जारी हो गए हैं और एक सप्ताह में इसका कार्य शुरू हो जाएगा। इसके अलावा उन्होंने काली बड़ी व शहीदी चौक में जनसुविधा के लिए बनाए गए सुलभ शौचालयों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ डीसी कठुआ ओम प्रकाश भगत सहित नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
बिलावर में पीएम आवास योजना के लाभार्थी को सौंपी घर की चाबी
बिलावर। बैक-टू-विलेज कार्यक्रम की तर्ज पर सरकार की ओर से नगर कमेटियों में आयोजित दो दिवसीय मेरा शहर मेरी शान कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। विजिटिंग अधिकारी पीके भट्ट ने नगर कमेटी के वार्ड 12 टिल्ला में पीएमएवाई के तहत बनाए गए घर के मालिक का गृह प्रवेश करवाया और लाभार्थी को घर की चाबी सौंपी। अधिकारी और नगर कमेटी के अध्यक्ष और पार्षदों ने लाभार्थियों को 24 चेक भी वितरित किए। इनमें करीब 10 लाख की रकम चेकों के माध्यम से लोगों को दी गई। अधिकारी ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर का निरीक्षण किया, वहीं स्कूल के विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स किटें भी वितरित की गईं।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर बैंक बिलावर की शाखा का निरीक्षण किया और लोगों को ज्यादा से ज्यादा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। नगर कमेटी के पार्षदों व अन्य कई लोगों के साथ लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में दोपहर बाद उपजिले के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे लोगों ने अधिकारी को कई प्रकार की समस्याएं के बारे में जानकारी दी और समस्याओं का जल्द से जल्द निदान कराने की अपील की। वहीं अलग-अलग विभागों के सरकारी अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। लोगों के मसलों का हल कराने के लिए सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में विजिटिंग अधिकारी शाम चार बजे अपने अमले के साथ वापस लौट गए। इस कार्यक्रम में नगर कमेटी के अध्यक्ष पार्षदों और अन्य कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।