- 10 कनाल भूमि पर 10 करोड़ की लागत से बनेगा यह कॉम्पलेक्स
- 95 प्रतिशत काम हुआ पूरा, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
हीरानगर। कस्बे में सितंबर में मुंसिफ कोर्ट की इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। यह नहीं इमारत न सिर्फ कस्बे की खूबसूरती को चार चांद लगाएगी बल्कि न्याय के लिए इस न्याय के मंदिर में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा भी मिलेगी।
करीब 10 कनाल भूमि पर बन रहे कोर्ट कॉम्पलेक्स का निर्माण कार्य 2022 में शुरू हुआ था जो अब मुकम्मल होने को है। सितंबर में यह कॉम्पलेक्स बनकर तैयार हो जाएगा। 10 करोड़ की लागत से बनने वाले इस परिसर में इंसाफ दिलाने और देने वालों को तो बेहतर सुविधा मिलेगी ही लेकिन इंसाफ के लिए आने वाले आम लोगों को भी आधुनिक सुविधाओं का आभास होगा। क्योंकि इस इमारत के निर्माण के दौरान लोगों की सहूलित का पूरा ख्याल रखा गया है, ताकि यहां आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। इमारत में दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट की सुविधा होगी तो वहीं छोटे वाहनों के जरिए इमारत की आखिरी छत तक पहुंचाने के लिए रैंप भी बनाया गया है। इमारत के परिसर में पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी, जबकि पुराने मुंसिफ कोर्ट में आने वाले लोगों को परिसर के बाहर सड़क किनारे ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। नई इमारत में पार्किंग की सुविधा से इस सड़क पर जाम की परेशानी से भी आम लोगों को छुटकारा मिलेगा।
मुंसिफ कोर्ट कॉम्पलेक्स का काम 95 प्रतिशत पूरा हो गया है। फर्नीचर के टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। सितंबर में इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। इसमें आधुनिक सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है जिसका आम लोगों को लाभ होगा।
- मोहम्मद कबीर, एईई, लोक निर्माण विभाग