जम्मू संभाग के कठुआ जिले के महिला पुलिस थाने में रिश्वतखोरी के आरोप में सीबीआई की ओर से शनिवार को पकड़े गए हेड कांस्टेबल की देर शाम मौत हो गई। आरोपी की मौत के बाद दबिश देने जम्मू से गई सीबीआई टीम के दर्जनभर से अधिक सदस्यों को पुलिस ने रोक लिया। इनसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की सिफारिश की गई है।
इस बीच हेड कांस्टेबल के बिलावर स्थित घर पर तलाशी के लिए गई टीम को रिश्तेदारों ने घेर लिया। उनके वाहन को आगे नहीं जाने दिया। वाहन पर पथराव भी किया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने सुरक्षा घेरे में टीम को बिलावर थाने पहुंचाया।
गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ी
शनिवार दोपहर तीन बजे के करीब सीबीआई की टीम ने महिला थाने में दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जीएमसी कठुआ में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। वहीं, रात साढ़े आठ बजे उसने दम तोड़ दिया। मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है।
आरोप- मामले को दबाने के लिए मांगी थी रिश्वत
शनिवार को महिला पुलिस थाने में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने दबिश देकर हेड कांस्टेबल मुश्ताक अहमद को गिरफ्तार किया। वह यहां बतौर मुंशी तैनात था। आरोप है कि उसने एक मामले को सुलटाने के लिए शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने सीबीआई के संज्ञान में मामला लाया, जिसके बाद टीम ने दोपहर तीन बजे कॉलेज रोड स्थित महिला थाने में दबिश दी। इस दौरान उसे तीन हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के बीच ही आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया, जहां रात करीब साढ़े आठ बजे उसने दम तोड़ दिया। मुश्ताक अहमद के शव को जीएमसी कठुआ के शवगृह में रखा गया है। डीएसपी मुख्यालय शम्मी कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें- Terror Funding Case: बरकती के घर समेत आठ ठिकानों पर NIA के छापे, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स समेत अन्य सबूत बरामद
जांच के लिए बिलावर भी पहुंची थी सीबीआई टीम
महिला पुलिस थाने में दबिश के बाद सीबीआई की एक टीम बिलावर स्थित आरोपी के निवास डडवारा भी पहुंची थी। मृतक आरोपी हेड कांस्टेबल मुश्ताक अहमद लोहाई मल्हार का मूल निवासी है लेकिन वर्तमान में बिलावर के डडवारा में रह रहा था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम जब सीबीआई टीम बिलावर में आरोपी के घर दबिश दे रही थी कि अचानक लोगों को आरोपी मुश्ताक की मौत की जानकारी मिल गई। जिसके बाद इलाके में टीम पर पथराव भी किया गया। हालांकि हालात बिगड़ते देख सीबीआई और पुलिस की टीम मौके से निकल गई।
घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की सिफारिश
घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की सिफारिश की गई है। कठुआ के डीसी को पत्र लिखा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीबीआई टीम के अधिकारियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। - शक्ति पाठक, डीआईजी, जम्मू सांबा कठुआ रेंज।
ये भी पढ़ें- Jammu Kashmir Weather: अगले तीन दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, कभी बारिश तो कभी साफ रहेगा आसमान