कठुआ। शहर की प्रमुख सड़कों की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से होगी। इसके लिए नगर परिषद के पास नई मशीन आ गई है। जो सोमवार से शहर के कॉलेज रोड से सफाई के काम को शुरू करेगी।
निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराई गई इस मशीन से होने वाली सफाई के बारे में कठुआ नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि छह आटोमोटिव ब्रूम (झाडू) वाली मशीन में कचरे को अपने अंदर ही स्टोर करने की क्षमता है। जिसके चलने से धूल भी नही उड़ेगी। अब नई मशीन के माध्यम से शुरू होने वाली सड़कों की मैकेनाइज्ड सफाई कराई जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि नई मशीन के काम करने के बाद झाडृ लगाने के लिए लगाए गए सफाई कर्मचारियों को अन्य जिम्मेदारियां दी जा सकेंगी। जिससे अभी तक शहर के कई ऐसे वार्डों में सफाई कर्मचारियों को तैनात किया जा सकेगा। जहां अब तक नियमित सफाई कर्मचारियों की तैनाती नही थी।
आपको बता दें कि इस तरह की एक मशीन पहले ही कठुआ नगर परिषद के पास है। ट्रैक्टर से चलने वाली उक्त मशीन में दो ब्रूम की व्यवस्था है लेकिन वह न तो कचरे को स्टोर करने की क्षमता वाली है और वह केवल सड़क के किनारे जमा होने वाली मिट्टी को ही हटा पाती है। अब नई मशीन के शुरू होने पर पूरी सड़क पर झाडू लगाया जा सकेगा।