कठुआ। कठुआ की बेटी और पर्वतारोही सुमन वर्मा को कालीरमन फाउंडेशन की ओर से 11वें भारत गौरव पुरस्कार से नवाजा जाएगा। नौ दिसंबर को लोधी रोड दिल्ली में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर सुमन वर्मा के परिजन और गांव के लोग भी उत्साहित हैं। उन्हें यह पुरस्कार विश्व की सात में से दो सबसे ऊंची पर्वत शृंखलाओं पर चढ़ाई करने और महिलाओं के आत्म विश्वास को बढ़ाने के लिए दिया जा रहा है। यह जानकारी सुमन वर्मा ने दी।
कठुआ जिले के हीरानगर में छोटे से गांव कड़ेत्तर की बेटी सुमन सीआईएसएफ में कार्यरत हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी अपने जीवन को फिर से आगे बढ़ाने और अपने जज्बे से उन्होंने एक पेशेवर पर्वतारोही के रूप में काम शुरू किया। इसी कड़ी में पिछले दो वर्ष में उन्होंने विश्व के दो उपमहाद्वीपों की दो बड़ी चोटियों पर चढ़ाई की। सुमन ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस दोनों को फतह किया है। इसके लिए जिला प्रशासन ने सुमन को युवा एंबेसडर के रूप में भी चुना है। सुमन ने बताया कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।