कोहग गांव में मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेता पुत्र। संवाद
- फोटो : kathua
बिलावर। उपमंडल में शनिवार को मातृ दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुत्रों ने अपनी मां को विभिन्न प्रकार के उपहार दिए और अपनी माताओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
मातृ दिवस के उपलक्ष्य पर इलाके के लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर माताओं के साथ फोटो अपलोड कर मातृ दिवस मनाया और लोगों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं दी। अलग-अलग कस्बों और गांवों में मातृ दिवस का नजारा देखने को मिला। हर किसी ने अपने ही अंदाज में मां के प्रति अपना प्रेम प्रकट किया। स्थानीय निवासी सुभाष गुप्ता, नरेश कुमार, राहुल और देवेंद्र शर्मा ने कहा कि मां ईश्वर प्रदत उपहार है, जिसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि मां समाज की सशक्त नींव होती है, जो समाज को बच्चों से अच्छे संस्कार देकर मूल्य एवं आदर्श रूपी दीपक से परिवार और समाज को ठोस धरातल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में माता-पिता दोनों का ही महत्वपूर्ण योगदान है। पंडित राधा कृष्ण शास्त्री ने बताया कि मां को प्रथम गुरु माना जाता है। जगजननी को स्वर्ग से भी श्रेष्ठ माना गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक प्रमाण है, जिनमें माता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। संवाद