-प्री बजट परामर्श बैठक का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ । जिला प्रशासन ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. राकेश मिन्हास की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचित विधायकों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक बुलाई। इसमें विधायकों ने कठुआ में इनडोर स्टेडियम, जसरोटा में डिग्री कॉलेज और हीरानगर में मिनी सचिवालय बनाने की मांग रखी।
बैठक डीसी ऑफिस कांप्लेक्स के वीसी रूम में आयोजित की गई, जिसमें विधायकों ने व्यक्तिगत और वर्चुअल दोनों तरह से भाग लिया। बैठक में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण, विधायक जसरोटा राजीव जसरोटिया, विधायक हीरानगर विजय शर्मा और विधायक बिलावर सतीश शर्मा मौजूद थे, जबकि विधायक बनी रामेश्वर सिंह वर्चुअल शामिल हुए। परामर्श के दौरान विधायकों ने अपनी विकासात्मक प्राथमिकताएं रखीं।
विधायक कठुआ ने इनडोर स्टेडियम और हैंडपंप की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि विधायक जसरोटा ने डिग्री कॉलेज की स्थापना की वकालत की। विधायक बिलावर ने धार रोड को फोरलेन करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ सरकारी डिग्री कॉलेज के लिए एक स्थायी भवन के निर्माण की मांग की। विधायक बनी ने भीनी नाले पर पुल, बेहतर सड़क और मोबाइल कनेक्टिविटी, पुराने बिजली के खंभों को बदलने और चिकित्सा कर्मचारियों को मजबूत करने की मांग उठाई।
हीरानगर के विधायक एडवोकेट विजय शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरानगर और हीरानगर उपमंडल के लिए मिनी सचिवालय जैसी प्राथमिकता वाले मुद्दों को उठाया। डीडीसी चेयरमैन महान सिंह ने भी सड़क संपर्क को कवर न किए गए क्षेत्रों में बढ़ाने की जरूरत पर प्रकाश डाला। डिप्टी कमिश्नर डॉ. राकेश मिन्हास ने समग्र विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। बताया कि इसके अलावा, प्रशासन का इरादा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल शैक्षणिक सुविधाओं के रूप में विकसित करना है, ताकि गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बचपन की शिक्षा और देखभाल सुनिश्चित हो सके।
बाद में, डीसी ने निर्वाचित विधायकों के साथ मुख्यमंत्री को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए केंद्रित क्षेत्रों से अवगत कराया। यह विचार-विमर्श एक ऐसे बजट को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सतत वृद्धि और विकास को बढ़ावा देते हुए कठुआ जिले की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करेगा।