कठुआ। जम्मू-कश्मीर सरकार की महत्त्वाकांक्षी स्वरोजगार और उद्यमिता योजना मिशन युवा का शुभारंभ का सीधा प्रसारण कठुआ स्थित डीसी कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में किया गया।
यहां वरिष्ठ जिला अधिकारियों, संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवाओं और लाभार्थियों ने भाग लिया। वर्चुअल संवाद के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विभिन्न जिलों के नवउद्यमियों से बातचीत की, जिसमें कठुआ की रेखा रानी ने भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मिशन युवा के लिए जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से आवेदन किया और विभाग की सहायता से उनकी जनरल स्टोर खोलने की परियोजना रिपोर्ट रिकॉर्ड समय में तैयार की गई।
रेखा रानी ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में नई राह दिखाई।
मिशन युवा का उद्देश्य राज्यभर में 1.37 लाख नए उद्यम स्थापित करना है। योजना विशेष रूप से नैनो स्तर के उद्यमों को बढ़ावा देने, सकारात्मक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने और युवाओं की सोच को नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाले की ओर मोड़ने पर केंद्रित है।
मौके पर सूचना एवं सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया, जहां युवाओं को मिशन युवा एप में पंजीकरण व अन्य पूछताछ में सहयोग प्रदान किया गया। प्रशासन ने बताया कि बसोहली, बिलावर, बनी और हीरानगर उपमंडलों में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन, जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र के उपनिदेशक हरविंदर सिंह, सहायक श्रम आयुक्त पियूषा खजूरिया, जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी वरुण चौधरी उपस्थित रहे। संवाद