बिलावर के ऊपरी इलाके में धमाकों के बाद उठता धुआं। संवाद
- फोटो : kathua
मैदानों के बाद अब पहाड़ भी पाकिस्तान के निशाने पर
कठुआ में दो जगह ड्रोन से हमले का रात में प्रयास
कठुआ/बिलावर। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के साथ ही हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार रात को पाकिस्तान ने कठुआ और लखनपुर के पास सैन्य क्षेत्रों पर ड्रोन से हमले का प्रयास किया। वहीं, सुबह लोहाई मल्हार और बिलावर के दो अलग इलाकों में तीन बड़े धमाके किए। अंदेशा है कि पाकिस्तान की ओर से मिसाइलें दागी गईं थी, जिनका मलबा भी जंगल से बरामद हुआ है। हालांकि इस दौरान किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है।
शुक्रवार रात 9 बजे के कालीबड़ी के नजदीक पांच से छह बड़े धमाके सुनाई दिए। आसमान में लाल रोशनी के बीच धमाकों ने पाकिस्तानी ड्रोन हमले और इसके बाद भारतीय डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने की पुष्टि की। इसके साथ ही बसोहली मोड़ लखनपुर से सटे इलाकों में भी धमाकों की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद हाईवे की टोल पोस्ट के नजदीक पाकिस्तानी ड्रोन का हिस्सा गिरा, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। सुबह पांच बजे के लगभग एक बार फिर कठुआ और आसपास के इलाकों में धमाके सुनाई दिए।
सुबह छह बजे के लगभग बिलावर और लोहाई मल्हार के दो इलाकों में जोरदार धमाकों के बाद पहाड़ों से धुंआ उठता दिखाई दिया। सूत्रों के अनुसार नजोत पंचायत के वार्ड दो में धमाका और लोहाई मल्हार ब्लॉक की थल पंचायत में दो जोरदार धमाके हुए। तीनों धमाकों की गड़गड़ाहट से इलाके में डर का माहौल बन गया, हालांकि किसी भी प्रकार के जान माल का नुकसान नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार बिलावर के पहाड़ी इलाकों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तान की ओर से तीन मिसाइलें दागी गई हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
..........