संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। सोहल में आतंकी देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों की ओर से समय पर की गई कार्रवाई ने इस इलाके में बड़े हादसे को टाल दिया है। जिस इलाके में दो आतंकियों को ढेर किया गया है वहां कुछ दिनों से दो अलग-अलग स्थान पर धार्मिक कार्यक्रम चल रहे थे। घटनास्थल के करीब 200 मीटर दायरे में माता सयोति मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह चल रहा था और श्री नाग देवता धाम में श्रीराम कथा चल रही थी। बड़ी संख्या में लोग इन कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे। स्थानीय लोगों ने यह आशंका भी जताई है कि मंगलवार रात को इस इलाके में दिखे आतंकी जंगलों में छिपकर रात गुजारने के बाद सुबह इन धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को भी निशाना बना सकते थे। सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया है। इस ऑपरेशन के चलते फिलहाल कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। कार्यक्रम के आयोजक कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस से भी मिले हैं। बदोली में नाग देवता धाम में चल रही श्रीराम कथा कार्यक्रम कार्यक्रम के आयोजक जगन्नाथ सुंदन ने बताया कि कार्यक्रम को पुनः शुरू करने के लिए वह हीरानगर थाने में गए और अधिकारियों से बात की। जिस पर अधिकारियों ने विचार-विमर्श के बाद फोन पर निर्णय सुनाने को कहा लेकिन फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है।