कठुआ। भारतीय खाद्य निगम के खाद्य भंडारण डिपो कठुआ की ओर से सातवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र चक शेखां और चिनाब टेक्सटाइल मिल बी में मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां रेसिपी प्रतियोगिता भी करवाई गई।
कार्यक्रम में खाद्य भंडारण डिपो कठुआ के प्रबंधक गुणवत्ता नियंत्रण नीरज कुमार और डिपो प्रबंधक गणेश लाल ने हिस्सा लिया, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं हरप्रीत कौर और सुनीता महाजन के साथ-साथ प्री-स्कूल बच्चों की माताओं को मोटे अनाज के पोषण लाभ की जानकारी देते हुए इसे अपने दैनिक आहार का हिस्सा बनाने के लिए कहा। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के बीच मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें मोटे अनाज रागी, ज्वार, बाजरा और सियोल से खिचड़ी, हलवा और पॉपकॉर्न जैसे व्यंजन बनाए गए और इन्हें बच्चों के बीच उनके मध्याह्न भोजन के हिस्से के रूप में वितरित किया गया।
कार्यक्रम के संबंध में नीरज कुमार ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एक सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक सातवां राष्ट्रीय पोषण माह मना रहा है। साथ ही पोषण माह के दौरान विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जानी हैं। इसमें पोषण अभियान के तहत छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पोषण संबंधी परिणामों में सुधार लाने और महिलाओं के बीच पोषण और संतुलित आहार के बारे में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास सरकार की ओर से किए जा रहे हैं।