कठुआ। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को जिले में पांच नए मामले आए हैं। इसके साथ ही डेंगू के मरीजाें का आंकड़ा 91 हो गया है।
लगातार बढ़ते इन मामलों के बाद शहर में विभिन्न स्थानों पर चलाए जाने वाले डेंगू जागरूकता कार्यक्रमों का क्रम तेजी से जारी है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कठुआ के बग्याल गांव में एक 51 वर्षीय व्यक्ति, जंगलोट गांव में 38 वर्षीय व्यक्ति, बिलावर में 42 वर्षीय व्यक्ति, अमाला में 68 वर्षीय व्यक्ति के साथ खरोट गांव में 21 वर्षीय युवती डेंगू संक्रमित पाई गई है। वहीं, अब तक डेंगू के सबसे ज्यादा मामले आने के कारण कठुआ शहर का वार्ड एक डेंगू का हॉट स्पाट बना हुआ है। यहां स्वास्थ्य विभाग लोगों के स्वास्थ्य पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
उधर, लगातार सामने आ रहे डेंगू के नए मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्र के हर घर में एंटी लारवा दवा का छिड़काव करवाया जा रहा है। शहर के कालीबड़ी इलाके में मलेरिया विंग की टीम ने कई घरों में स्टोर किए पानी में डेंगू का लारवा मिलने के बाद पानी को उड़ेल दिया है। इस दौरान टीम लोगों से पानी की स्टोरेज लंबे समय के लिए न करने की अपील की। वहीं, इस दौरान बुखार से पीड़ित पाए गए आधा दर्जन मरीजों के खून के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने डेंगू से बचने के लिए लोगों से पूरे कपड़े पहनने व घरों में एंटी मॉस्क्यूटो उत्पादों का उपयोग करने के साथ किसी भी तरह का बुखार आने की स्थिति में अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में इसकी जांच कराने के लिए कहा ताकि सही समय में प्रभावित को उपचार दिया जा सके।