- पुलिस मार्टियर्स नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता पर बारिश की मार, पठानकोट और मढ़ीन टीम का मैच अब 30 को होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बारिश के कारण पुलिस मार्टियर्स नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को मात्र छह ओवर ही फेंके गए। इसके बाद मैच रोकना पड़ा। बारिश जारी रहने के कारण आयोजकों ने जेकेपी इलेवन और हरियाणा क्रिकेट अकादमी को एक-एक अंक देकर मैच समाप्त करने की घोषणा की।
वहीं, विक्की इलेवन पठानकोट और केकेआर मढ़ीन के बीच होने वाला मैच बारिश के कारण शुरू ही नहीं हो पाया। सुबह के सत्र में जिला पुलिस लाइन के मैदान में जेकेपी इलेवन और हरियाणा क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला शुरू हुआ। बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा क्रिकेट अकादमी की टीम अभी छह ओवर ही खेल पाई थी कि बारिश शुरू हो गई। काफी देर तक इंतजार के बाद जब बारिश नही रुकी तो दोनों ही टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया।
वहीं, दोपहर बाद होने वाला विक्की इलेवन पठानकोट और केकेआर मढ़ीन का मैच लगातार बारिश जारी रहने के कारण शुरू ही नहीं हो सका। शहीद वेलफेयर कमेटी के प्रधान रविंदर सिंह सलाथिया ने बताया कि बारिश के कारण पहले मैच में दोनों ही टीमों को एक-एक अंक दिया गया है। जबकि विक्की इलेवन पठानकोट और केकेआर मढ़ीन के बीच होने वाले मैच को अब 30 दिसंबर को करवाया जाएगा। अगर शनिवार को मौसम साफ रहता है तो प्रतियोगिता में तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह के सत्र में विक्की इलेवन पठानकोट और भवानी क्रिकेट क्लब नई दिल्ली के बीच और दोपहर बाद केकेआर मढ़ीन और संधू क्रिकेट क्लब लुधियाना के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।