पुलिस मार्टीयर्स नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का महामुकाबला आज जिला स्पोटर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। दो बार स्थगित हुए फाइनल मुकाबले के लिए तीसरी बार नए दिन को चुना गया है।
फाइनल मुकाबले में अक्षय स्टार कोहली क्रिकेट क्लब कठुआ जहां पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाने में सफल हुई है तो साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर इससे पूर्व विजेता होने का गर्व प्राप्त कर चुकी है। ऐसे में स्थानीय टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए दर्शकों के हुजुम की संभावना है।
फाइनल मैच के लिए डीजीपी के राजिंद्रा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे। बताते चलें कि इससे पूर्व पहले पठानकोट आतंकी हमले और राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के चलते फाइनल मैच स्थगित किया गया था।
रविवार को होने वाले महा मुकाबले की तैयारियों के बारे में बताते हुए शहीद वेलफेयर कमेटी के प्रधान रविंद्र सलाथिया ने कहा कि इस प्रतियोगिता का रोमांच तो पूरे देश में फैल चुका है। ऐसे में दो बार मैच के स्थगित होने के बाद भी लोगों में फाइनल मुकाबले के लिए उत्साह है। ऐसे में मुहा मुकाबला टक्कर का होने की उम्मीद बनी हुई है।
अक्षय स्टार कोहली क्रिकेट क्लब की ओर से आईपीएल खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को फाइनल में पहुंचाया है। मनविंद्र बिस्ला, सचिन राणा जैसे आईपीएल और रणजी टीम के खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा होंगे।
वहीं साबी क्रिकेट क्लब के पास भी धुरंधरों की कमी नहीं है। उनके पास फाइनल मैच खेलने का अनुभव तो है ही साथ ही पिछले तीन संस्करणों में हर बार सेमीफाइनल तक साबी क्रिकेट क्लब लगातार पहुंचा है। ऐसे में बड़े मैच में किस प्रकार बाजी अपने नाम की जाती है साबी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी अच्छे से जानते हैं।