माश्का में आयोजित अंगत मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि।
कठुआ/बनी। बसोहली के माश्का में आयोजित अंगत कुमार मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को समापन हो गया। इस निर्णायक मुकाबले में माश्का, जम्मू कश्मीर की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर सलूनी (हिमाचल प्रदेश) को छह विकेट से पराजित कर खिताब जीता।
फाइनल मुकाबले में माश्का टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। सलूनी की टीम ने 10 ओवर में 110 रन बनाए। जवाब में माश्का की टीम ने आठ गेंद शेष रहते लक्ष्य पा लिया। रसल सिंह ने फाइनल में चार विकेट लेकर 35 रनों की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में 455 रन बनाकर 15 विकेट चटकाने पर पंकज कुमार महादेव को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान मिला।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की 60 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 65,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को भी नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न से सम्मानित किया गया। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को 5,100-5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
इस टूर्नामेंट का आयोजन सैनिक तिलक राज उर्फ बिट्टू फौजी की ओर से हर वर्ष अपने बड़े भाई अंगत कुमार की स्मृति में किया जाता है। क्लब अध्यक्ष के अनुसार यह टूर्नामेंट युवा सशक्तीकरण, खेल भावना और क्षेत्रीय एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा है।