संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू और मलेरिया का संक्रमण बढ़ने के बीच सोमवार को बिलावर के जानू गांव में मलेरिया का नया मामला सामने आया। जांच में एक व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने के बाद जिले में इस वर्ष मलेरिया के मामलों की संख्या 12 हो गई है। वहीं, डेंगू के अब तक 14 मामले सामने आ चुके हैं।
नए मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग के बिलावर मेडिकल ब्लॉक की टीम ने मरीज के घर और आसपास के क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को मच्छरों की रोकथाम, आसपास पानी जमा न होने देने और बुखार होने पर समय पर जांच कराने की सलाह दी गई।
इसी कड़ी में कठुआ शहर के कालीबाड़ी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड ने भी अभियान चलाकर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपाय बताए। लोगों से पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की गई।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने लोगों से बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए कहा।