हीरानगर। हीरानगर थाना के अंतर्गत पड़ते कूटा बाजार में चाय के खोखे में गैस सिलिंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ,जबकि खोखे के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार विजय कुमार खोखे में चाय बना रहे थे तभी अचानक सिलिंडर में आग लग गई। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्होंने बाहर निकाल लिया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ और सिलिंडर फट गया और तेजी से आग भड़क गई। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया और साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी। इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता, भीतर रखा फ्रिज,पानी की टंकी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि बाजार में सभी दुकानदार दुकानों से बाहर निकल आए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।