बिलावर। उपमंडल के लोगों को इन दिनों अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को इलाके में अघोषित बिजली कटौती का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि बिजली के किराए का भुगतान करने के बावजूद भी बिजली विभाग लोगों को सही प्रकार से सुविधा प्रदान नहीं करा पा रहा है। वहीं, अनिल कुमार बसोत्रा ने कहा कि कम वोल्टेज के कारण बिजली पर चलने वाले उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। इसी कड़ी में राजकुमार गुप्ता कहते हैं कि जबसे गर्मियों के मौसम की शुरुआत हुई है, आए दिन लगातार अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या ने लोगों को परेशान करके रखा है। उधर संतोष कुमार बोले कि बिजली के वोल्टेज 100 के नीचे रहते हैं, जिससे गर्मियों के दिनों में सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है। इन सभी लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में बिजली की समस्या का समाधान किया जाए, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।