कठुआ। जिला पुलिस ने खोए हुए 50 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तकनीकी सहायता की मदद से बरामद इन फोन में एक एप्पल आईफोन-14 भी शामिल है। पूरी जांच-पड़ताल के बाद एसएसपी शोभित सक्सेना, एएसपी राहुल चाढ़क और डीएसपी डीएआर रितेश सम्याल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने यह मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
जिला पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोन की कीमत करीब 9.32 लाख रुपये है। इनके बारे में जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर इन्हें जम्मू-कश्मीर समेत पंजाब, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक आदि राज्यों से भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस सफलता के पीछे कठुआ पुलिस के आईटी सेक्शन की समर्पित टीम की मेहनत और तकनीकी दक्षता है। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर मालिकों ने खुशी जताकर पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।
एसएसपी शोभित ने कहा कि कठुआ पुलिस कुल 320 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 47.32 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने आम लोगों को किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी के लिए पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 100 या 09858034100 पर संपर्क करने की अपील की।