-जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हीरानगर के सन्याल में आयोजित किया लोक दरबार
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। जनता और पुलिस के बीच आपसी समन्वय को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने हीरानगर थाना के अंतर्गत सीमा पुलिस चौकी (बीपीपी) सन्याल में लोक दरबार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में एसपी ऑपरेशंस कठुआ, डीएसपी ऑपरेशंस कठुआ सहित हीरानगर क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों ने भाग लिया।
लगभग 50-55 लोगों की उपस्थिति में इस संवादात्मक बैठक का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपने विभिन्न समस्याओं और सुझावों को खुलकर रखा। पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। एसपी ऑपरेशंस कठुआ ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और जो भी वास्तविक समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
इसके अलावा, प्रशासनिक मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके शीघ्र निपटारे के लिए प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से आभार व्यक्त किया गया। पुलिस की इस पहल को स्थानीय जनता ने सराहा और भविष्य में इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया