बंद पड़े स्कूल प्रांगण में खड़े बच्चे और अभिभावक। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर। मल्हार शिक्षा जोन की गोडू फलाल पंचायत के प्राइमरी स्कूल परोला में शिक्षकों की गैर हाजिरी और स्कूल में ताला लटकने के मामले में गाज शिक्षकों पर गिर गई है। स्कूल के दो शिक्षकों को डिप्टी सीईओ बिलावर ने जहां कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है, वहीं वेतन रोकने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि वीरवार को सुबह दस बजे और दोपहर दो बजे स्कूल में ताला लटका था। बताया गया कि पिछले एक महीने से प्राइमरी स्कूल में तैनात दोनों शिक्षक स्कूल नहीं आते हैं, जिसके चलते स्कूल बंद पड़ा है। वीरवार को भी स्कूल में अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंचे और बिना पढ़ाई के ही बच्चों को लौटना पड़ा है। मामला संज्ञान में आने के बाद डिप्टी सीईओ बिलावर चमन लाल की ओर से दोनों अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और दोनों शिक्षकों के वेतन को रोक दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामला गंभीर है। स्कूल को किसी भी कारण से बंद रखना सही नहीं है। उधर, सरपंच ने बताया कि मामला लापरवाही का है। पहले ही विद्यार्थियों की शिक्षा कोरोना महामारी के चलते प्रभावित हुई है और स्कूल में पढ़ाई कर रहे 22 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। ऐसे में स्कूल पर ताला लटके रहने की जांच की जानी चाहिए। यह मामला स्थानीय सरपंच कलाशो देवी, अभिभावक संजय कुमार, रजिंदर सिंह, मोहन सिंह और अशोक कुमार द्वारा शिक्षा विभाग के संज्ञान में लाया गया।