हाईवे के किनारे चल रही शराब की दुकानों को वहां से शिफ्ट करने के आदेश के चलते शराब की दुकानों के मालिक इन्हें दूसरे स्थानों में ले जा रहे है, लेकिन हीरानगर मोड़ पर हाईवे के किनारे की दुकान को शिफ्ट कर वार्ड एक में खोलने के विरोध में लोगों ने कालेज मार्ग जाम कर दिया।
लोगों को जैसे ही पता चला कि दुकान को शिफ्ट कर दिया गया और वार्ड में खोला गया है उसके बाद लोगों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने दो घंटे तक कालेज मार्ग जाम किया और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
बाद में प्रशासन और लोगों की बैठक के बाद दुकान नहीं खोले जाने का फैसला हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दुकान को वार्ड एक में कालेज रोड पर नहीं खुलने देंगे। उनका कहना था कि जिस जगह पर शराब की दुकान को खोला जा रहा है वह एक रिहायशी इलाका है।
इस दुकान के साथ उनके घर सटे हुए है। उन्होंने कहा कि अगर यहां पर शराब की दुकान खुलती है तो महिलाओं का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर कालेज भी पड़ता है यहां से रोजाना सैकड़ों लड़कियां पैदल गुजरती है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लोग शराब की दुकान के विरोध में प्रशासनिक अधिकारियों के पास शिकायत लेकर भी गए।
उन्होंने कहा कि अब वो लोग सड़क से जाम तब तक नहीं हटाएंगे जब तक प्रशासनिक अधिकारी शराब की दुकान नहीं खोले जाने का लिखित में आश्वासन देंगे।
वहीं करीब दो घंटे के जाम के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार जितेंद्र मिश्रा ने लोगों को सड़क से जमा हटाने को कहा और तहसील कार्यालय में आकर बातचीत के लिये कहा।
जिसके बाद लोगों ने जाम हटाकर सब डिवीजन कार्यालय में पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक की। जिसके बाद एसडीएम सोहन लाल लोगों को आश्वासन दिया कि शराब की दुकान उनके मोहल्ले में नहीं खुलेगी। इससे पहले प्रदर्शनकारियों में शामिल सोम देवी, निशा देवी, कांता देवी, गीता देवी, मेला राम, बैसाखी राम आदि प्रमुख रुप से हिस्सा लिया।