शराब की दुकान के विरोध में जिला सचिवालय पहुंचे सरस्वती विहार के लोग। संवाद
- फोटो : kathua
जिला सचिवालय में मांगों का ज्ञापन देने पहुंचे लोग
कठुआ। रिहायशी क्षेत्र में शराब की दुकान खाेलने के विरोध में सरस्वती विहार के लोगों का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को लोगों का प्रदर्शन जारी रहा। वहीं लोगों ने एडीसी कठुआ रंजीत सिंह से मिलकर शराब की दुकान खाेलने का विरोध किया।
लोगों का कहना था कि उनके मोहल्ले से जब तक शराब की दुकान को शिफ्ट नहीं किया जाता है, उनका विरोध इसी तरह से जारी रहेगा। जिला सचिवालय में मांगों का ज्ञापन देने पहुंचे लोगों में शामिल रमेश सिंह गहलोच ने बताया कि वार्ड 16 में पहले ही शराब की दो दुकानें हैं और अब तीसरी दुकान भी खोली जा रही है। खास बात यह है कि शराब की दुकान खोलने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। आज इसी मसले पर उन्होंने एडीसी कठुआ को दुकान के मालिक का भी पत्र दिया है। इसमें उन्होंने दुकान को शराब की बिक्री के लिए नहीं देने की बात कही है। एडीसी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि लोगों के इस विरोध को प्रशासन व आबकारी विभाग दोनों के संज्ञान में लाया जाएगा। संवाद
-
एक ओर सरकार नशा मुक्त भारत अभियान चला रही है। वहीं शहर में जगह-जगह शराब की दुकान खोली जा रही हैं। युवा पीढ़ी पूरी तरह से नशे की गिरफ्त में है। उसे नशे की इस लत से निकालने के बजाए शराब की दुकानों को प्रोत्साहन दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मौजूदा परिदृश्य में शराब की दुकान खोले जाने के बजाय डी-एडिक्शन सेंटर खोले जाने की जरूरत है।
बाबू राम शर्मा, स्थानीय
सरस्वती विहार में बिजली पानी जैसी समस्या होने के बावजूद लोगों ने कभी प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन अब शराब की दुकान खोले जाने की अनुमति दिए जाने के बाद लोग मजबूर हुए हैं। अब प्रशासन जब तक शराब की दुकान को शिफ्ट करने के लिए आदेश जारी नहीं करता है। उनका विरोध जारी रहेगा। क्योंकि वह अपने वार्ड को शराब का बाजार नहीं बनाना चाहते हैं।
नरेंद्र जसरोटिया