हीरानगर। अघोषित बिजली कटौती से हर व्यक्ति परेशान है। लेकिन, सीमावर्ती इलाकों में रात के समय बिजली कटौती चिंता का बड़ा विषय बन गई है।
सीमा पर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने की ताक में रहता है। रात के समय सीमा से सटे इलाकों में अघोषित बिजली कटौती किसी बड़ी घटना का कारण भी बन सकती है। मानियारी के नायब सरपंच कुलदीप राज ने कहा कि इलाकों में बिजली कटौती का सिलसिला लगातार जारी है। दिन-रात अघोषित बिजली कटौती हो रही है। पाकिस्तान अक्सर सीमा पर घुसपैठ कराने की ताक में रहता है। ऐसे में रात के समय अघोषित बिजली कटौती से यहां के लोगों में अक्सर भय का माहौल बना रहता है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से बात की है। कुछ दिन पहले इसी गांव में जिला उपायुक्त के दौरे के दौरान भी इस समस्या की जानकारी दी गई थी। लेकिन, अफसोस की बात है कि कोई समाधान नहीं हुआ है।
मोहन सिंह ने बताया कि शाम ढलते ही अघोषित बिजली कटौती का दौर शुरू हो जाता है। रात भर बिजली का आना जाना लगा रहता है। लोगों को गर्मी में परेशान तो होना ही पड़ता है, इसके साथ ही यहां सुरक्षा एजेंसियों को भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रात में बिजली बंद रहने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान नहीं होता है। उन्होंने मांग की है कि सीमावर्ती इलाके के लिए स्पेशल लाइन का इंतजाम होना चाहिए। ताकि, रात के समय बिजली कटौती न हो।