कठुआ। कठुआ शहर में अवैध रूप से इमारतों की बेसमेंट में चलाए जा रही तीन निजी लाइब्रेरियों को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई नगर परिषद कठुआ ने की है।
बिल्डिंग परमिशन नियमों का हवाला देते हुए यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। इससे पहले विभिन्न विभागों की टीम ने कठुआ और आसपास के इलाकों में चल रहे निजी कोचिंग और ट्यूशन सेंटरों की जांच की थी। जिला प्रशासन को सौंपी गई रिपोर्ट के बाद डीसी कठुआ ने इन पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए। सोमवार शाम हरकत में आई टीम ने इन पर कार्रवाई करते हुए इन्हें सील कर दिया है। साथ ही नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं।
दिल्ली में 27 जुलाई की शाम को हुई बारिश के चलते ओल्ड राजेंद्र नगर में चल रहे कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से हादसा हुआ था। अवैध रूप से चल रहे इस कोचिंग सेंटर में बच्चों को बाहर निकलने तक का समय नहीं मिला और तीन की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत सरकार के उच्च शिक्षा मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों और प्रदेशों को निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों की टीम गठित की थी। तीन अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, बिजली विभाग के अधिकारियों और नगर परिषद के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने शहर में विभिन्न जगह जांच की। सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर नगर परिषद ने शहर के कालीबड़ी में दो और कॉलेज रोड पर एक निजी लाइब्रेरी को सील कर दिया, जो इमारतों की बेसमेंट में बिना अनुमति चलाई जा रही थीं।