बिलावर के वार्ड तीन मोहल्ला ढोलकर में खराब पड़ा हैंडपंप।
बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड तीन मोहल्ला ढोलकर की 200 से अधिक आबादी को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सुनीता देवी, रिशु कुमार, रामलाल और सुनीता रानी ने बताया कि उनके मोहल्ले में ग्रेविटी के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है जो मौजूदा समय में नाकाफी है।
उन्होंने बताया कि उनके मोहल्ले के पास सड़क किनारे भूजल विभाग में हैंडपंप भी लगाया है जो पिछले एक हफ्ते से खराब पड़ा है। इस कारण लोग पानी की कमी से परेशान हो रहे हैं। लोगों को मोहल्ले से करीब एक किमी की दूरी तक पैदल रास्ते पर चढ़ाई चढ़ कर पानी ढोना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि मोहल्ले के 90% से अधिक लोग पशुपालक हैं। उनके पशुओं को पानी पिलाने के लिए दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित नाला भीनी में जाना पड़ता है। लोगों ने उनके मोहल्ले में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल की आपूर्ति करवाने की मांग की है ताकि लोगों को पेयजल की किल्लत से राहत मिल सके।
प्राकृतिक जल स्रोतों का जलस्तर कम होने की वजह से पानी की कमी हो रही है। यह समस्या मेरे संज्ञान में है। मोहल्ला ढोलकर के लोगों को जल्द ही अमृत दो योजना के तहत पेयजल की आपूर्ति करवाई जाएगी। - संजीव रियोथिया, जेई, जल शक्ति विभाग, बिलावर।