संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में सक्रिय भूमाफिया और प्रॉपर्टी डीलर किसानों की भूमि को हड़पने में लगे हैं और राजस्व विभाग उनका संरक्षण कर रहा है। उक्त आरोप नगरी में प्रदर्शन कर रहे जम्मू कश्मीर किसान तहरीक के नेताओं ने राजस्व विभाग पर लगाए हैं।
शुक्रवार को प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर किसान विरोधी नीतियों को विराम लगाए जाने की मांग की है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान तहरीक के जिला प्रधान बनारसी दास ने बताया कि इलाके में किसानों से उनकी भूमि हड़पने के लिए एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा है। जिसमें शामिल भूमिया और प्रॉपर्टी डीलर राजस्व के संरक्षण में किसानों की जमीन हड़पने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान चक कृपाल में स्थानीय किसान पवन कुमार की चार कनाल पुश्तैनी जमीन है। उसे पर पहले किसी दूसरे पक्ष का इंतकाल काट दिया गया। इस मामले को जब किसान तहरीक ने डीसी कठुआ के समक्ष रखा। जिन्होंने उचित कार्रवाई किए जाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया था। लेकिन इस बीच किसान की गिरदावरी को भी निरस्त कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि आज इस मसले को लेकर वह तहसीलदार नगरी आना जम्वाल के पास मिलने आए थे लेकिन उन्होंने समस्या का समाधान करने के लिए कोई विश्वसनीय उत्तर नहीं दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों की भूमि को हड़पने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाने की प्रथा को बंद नहीं किया तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में भूमि के मालिक किसान पवन कुमार, किसान नेता हरि सिंह, सेवाराम, लालचंद, सागर चंद व लेखराज मौजूद रहे।