टैंकर में सीलबंद पशुओं को निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेते पुलिस कर्मी। संवाद
-लखनपुर पुलिस ने पशु तस्करी का अपनी तरह का नया प्रयास किया विफल, चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए पशु तस्कर तस्करी के नए हथकंडे अपना रहे हैं ताकि जगह-जगह लगने वाले नाकों पर पुलिस को चकमा देकर मवेशियों की तस्करी को अंजाम दे सकें।
ऐसे ही एक प्रयास को लखनपुर पुलिस असफल बनाते हुए 14 मवेशियों को पेट्रोल वाले टैंकर से मुक्त करवाया है। इस मामले में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त तेल टैंकर को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मवेशियों को टैंकर में छिपा कर रखा गया था। पुलिस जानकारी के अनुसार एसएसपी शोभित सक्सेना की देखरेख में ट्रक टर्मिनल लखनपुर क्षेत्र में लगाए गए नाके के दौरान पुलिस टीम ने पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर में आने वाले टैंकर (जेके03ई-5451) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो चालक पुलिस को देख टैंकर को नाका प्वाइंट से पहले ही रोक कर फरार हो गया।
चालक की संदिग्ध गतिविधि के बाद पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद टैंकर की गहन तलाशी ली गई तो पाया गया कि टैंकर विशेष रूप से मवेशियों की तस्करी के लिए ही तैयार किया गया है। पुलिस ने जेसीबी की मदद से टैंकर का दरवाजा खुलवाया तो उसमें 14 मवेशी निकले जिन्हें मुक्त करवाकर टैंकर को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में लखनपुर थाना में धारा 223/बीएनएस, 11/पीसीए अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।