कठुआ। प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में हाईवे टोल प्लाजा को बाईपास कर स्थानीय लिंक मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से नगर पालिका की ओर से शुरू की गई अड्डा शुल्क वसूलने की व्यवस्था फिलहाल टाल दिया गया है। बुधवार को लखनपुर नगर पालिका ने छोटे वाहनों से 20 और मालवाहक वाहनों से 50 रुपये वसूलने शुरू कर दिए थे। इसके लगातार विरोध के बीच नगर कमेटी की ओर से वीरवार को बैठक बुलाई गई, जिसमें प्रशासन की सहमति और सुझाव के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। बैठक में निकाय के प्रतिनिधियों ने फैसला लिया कि फिलहाल अड्डा शुल्क नहीं वसूला जाएगा।
ज्ञात रहे कि नगर पालिका की ओर से जानकारी दी गई थी कि संपर्क मार्ग से हाईवे के वाहन टैक्स और ट्रैफिक से बचने के लिए आवाजाही कर रहे हैं। इन्हें हतोत्साहित करने के लिए अड्डा पर्ची ली जा रही है। दरअसल, रेलवे लाइन के पास बसोहली मोड़ से लखनपुर बस अड्डे को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को स्थानीय जरूरतों के लिए बनाया गया है। इस मार्ग का इस्तेमाल करने पर वाहन चालक हाईवे टोल प्लाजा को बाईपास करते हैं। वाहनों के डायवर्ट होने से संपर्क मार्ग पर एकाएक ट्रैफिक बढ़ गया, जिसके विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किए। इस बीच लखनपुर नगर पालिका ने इन वाहनों से संपर्क मार्ग पर अड्डा पर्ची वसूलना शुरू कर दिया था। लोगों का विरोध उस समय शुरू हो गया, जब कामर्शियल वाहनों के साथ स्थानीय वाहनों से भी शुल्क वसूला जाने लगा।
अड्डा शुल्क वसूलने को लेकर वीरवार को निकाय प्रतिनिधियों की बैठक हुई है, जिसमें इस संबंध में प्रशासन की सहमति और सुझाव लेने पर फैसला लिया गया है। ऐसे में फिलहाल अड्डा शुल्क वसूलने की प्रक्रिया को टाल दिया गया है।
- दिलीप अबरोल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कठुआ व लखनपुर नगर पालिका प्रभारी