घर में हुई चोरी की घटना के बारे में जानकारी देती गोविंदसर निवासी महिला। संवाद
पांच लाख के गहने सहित 32 हजार नकदी और मोबाइल फोन ले उड़े
कठुआ। रेलवे स्टेशन से सटे गोविंदसर गांव में शनिवार रात को चोरों ने एक साथ तीन घरों में सेंधमारी की। चोरों ने तीन घरों से पांच लाख के गहने और 32 हजार की नकदी और मोबाइल चोरी कर लिया। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिसकर्मी ने तीनों घरों का जायजा लेने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अंग्रेज कुमार (मक्खन) ने बताया कि बीती रात वह परिवार के साथ घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे। इस बीच दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी दो अलमारियों और एक ट्रंक को तोड़कर उसमें रखे तीन लाख के सोने के गहने और 15 तोला चांदी और 20 हजार नकदी लेकर फरार हो गए।
अंग्रेज कुमार ने बताया कि 20 हजार की राशि उन्होंने बच्चों की स्कूल की फीस जमा करवाने के लिए रखी थी। स्टोर रूम में माता जी के ट्रंक को खुला देखने और उसका सारा सामान बिखरा होने पर उन्हें चोरी के बारे में पता चला।
सावन के पहले महीने घर आई बेटी के गहनों को भी नहीं छोड़ा
रिंपी देवी पुत्री दर्शन कुमार ने बताया कि मार्च महीने में उसकी शादी हुई है। सावन के महीने के मायके आई थी। उसने बताया कि चोरों ने एक सोने की रिंग सहित चांदी की पायल, पैरों की उंगलियों में पहनने वाले चांदी के बिछुए व 12 हजार की नकदी चुरा ली। मायके आने के बाद उसने अपने सारे गहने और नकदी पर्स में रखे हुए थे जो कमरे के भीतर रखा था। तीसरे घर से चोरों ने वहां रखा मोबाइल भी चोरी कर लिया।