हीरानगर। गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल (जीएलडीएम) डिग्री कॉलेज में बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) विषय पर सेमिनार करवाया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्रों और संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जम्मू विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. यश पाल खजूरिया ने बौद्धिक संपदा अधिकारों की बुनियादी समझ पर व्याख्यान दिया। उन्होंने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क, भौगोलिक संकेतक, और औद्योगिक डिजाइनों सहित बौद्धिक संपदा के विभिन्न रूपों पर प्रकाश डाला। इसके बाद आईआईसी समिति की अध्यक्ष प्रो. अनुपमा अरोड़ा ने छात्रों के बीच रचनात्मकता और उद्यमिता को बढ़ावा देने में इंस्टीट्यूशनल इनोवेशन काउंसिल की भूमिका के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कॉलेज प्रिंसिपल ने कहा कि यह सेमिनार छात्रों और शिक्षकों के लिए बौद्धिक संपदा अधिकारों की समझ को गहरा करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने में अहम कदम साबित हुआ है। इस मौके पर प्रमुख संकाय सदस्यों में प्रो. गंगा शर्मा, प्रो. अमित कुमार शर्मा, प्रो. सुरिंदर कुमार, प्रो. नीरू शर्मा, डॉ. निशु, और प्रो. बलविंदर कौर आदि शामिल रहे।