चड़वाल में पटाखों के गोदाम का निरीक्षण करते एसडीएम फुलेल सिंह। - संवाद।
हीरानगर। दिवाली पर्व पर लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता पर देखते हुए एसडीएम फुलेल सिंह ने उप मंडल में विभिन्न जगहों पर छापे मारे। इस दौरान उन्होंने पटाखे के गोदामों का भी निरीक्षण किया और गोदाम मालिकों को नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि किसी भी तरह की कोताही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दियाला चक, चड़वाल आदि इलाकों में दौरा करते हुए होलसेल में पटाखे की बिक्री करने वाले और रिटेल में बिक्री करने वाले पटाखा विक्रेता को नियमों का पालन करने की अपील की।
एसडीएम ने कहा कि पटाखों का परिवहन केवल लाइसेंस प्राप्त वाहनों से हो और बाजारों में दुकानों के बीच कम से कम 10 मीटर की दूरी बरती जाए। इसके अलावा जितने भी बड़े और छोटा पटाखा विक्रेता हैं लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल करें। इस दौरान उन्होंने गोदाम में रखें पटाखों की मात्रा, आग बुझाने के यंत्रों की उपलब्धता और कर्मचारियों को दिए गए सुरक्षा प्रशिक्षण की भी जांच की। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर कोई भी नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद