हटली गांव को जाने रेलवे अंडर पास में भरे बारिश के पानी के बीच से गुजरते लोग। संवाद
दर्जनों पंचायतों सहित औद्योगिक क्षेत्र का एकमात्र है रास्ता
कठुआ। हटली मार्ग पर रेलवे अंडरपास में पानी की निकासी न होने के कारण सोमवार को जलभराव हो गया। इससे कई पंचायतों सहित औद्योगिक क्षेत्र का यातायात प्रभावित रहा। इससे दोपहिया वाहनों और राहगीरों को वहां से निकलने में मुश्किलों का सामना करन पड़ा।
खस्ताहाल अंडरपास के मरम्मत कार्य को लेकर रेलवे ने दो साल पूर्व स्थानीय ठेकेदार को आवंटित किया था। मगर किन्हीं कारणों से ठेकेदार ने मरम्मत कार्य को बीच में ही छोड़ दिया। इसके चलते पानी की निकासी बंद हो चुकी है। बारिश का पानी जमा होने से अंडरपास पर गहरे गड्ढे बन गए हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इसको लेकर कई बार रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रदीप कुमार, नरेश सिंह, जगदीश कुमार का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र की आबादी के अलावा दर्जनों पंचायतों की 20 हजार आबादी का यह एक मात्र रास्ता है जो उन्हें जिला मुख्यालय जोड़ता है। उन्होंने बताया कि अंडरपास की हालत वर्तमान में इतनी खस्ताहाल हो गई है कि रात में दोपहिया वाहनों दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
पूर्व में कई बार जहां बड़े हादसे हो चुके हैं। मगर प्रशासन कुंभकरण की नींद सो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलमग्न अंडरपास और इसके खस्ताहाल के कारण हटली इलाके के रहने वाले लोग वाया लखनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच रहे हंै। इसके चलते उनको 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।