पुलिस माटियर्स टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान आउट करते हुए संवाद
कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में 14वें पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 का आयोजन जारी है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गए। दोनों मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।
पहला मैच वर्मा क्लब साहनेवाल और एएम ग्लैडिएटर्स हिसार के बीच हुआ। इसमें टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली साहनेवाल टीम ने विरोधी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और हिसार की टीम 16.5 ओवर में मात्र 70 रन पर सिमट गई। इस दौरान शांतनु ने 29 और संदीप ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को बड़ा स्कोर देने में असफल रहे।
इस छोटे से लक्ष्य को हासिल करने के लिए मैदान में आए साहनेवाल टीम ने बल्लेबाजों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6.3 ओवर में जीत अपने नाम कर ली। इस पारी में मनप्रीत ने 21 गेंदों पर 44 रन बनाए जिसमें पांच छक्के और तीन चौके शामिल रहे जबकि अभिषेक ने 27 रन का योगदान दिया। गेंदबाज शुभम राणा ने चार ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट झटके और शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मैच हरियाणा क्रिकेट अकादमी और साबी इलेवन होशियारपुर के बीच हुआ। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साबी इलेवन होशियारपुर टीम ने 20 ओवर में 121 रन बनाए। इसमें आदित्य यादव ने 29 और ध्रुव सिंह ने 14 रन जोड़े। हरियाणा क्रिकेट अकादमी ने 15.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 122 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम के बल्लेबाज शुभम लांबा ने 32 गेंदों पर 50 रन बनाए जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके साथ विपुल ने 23 रन का योगदान दिया। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए शुभम लांबा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।